logo

भूटान से गोल्ड लेकर झारखंड लौटे पैरा थ्रो बॉल के खिलाड़ी, पारंपरिक तरीके से हुआ स्वागत 

BHUTAN.jpeg

रांची 

पैरा थ्रो बॉल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर भूटान से झारखंड लौटे खिलाड़ियों का आज रांची रेलवे स्टेशन पर जोरदार स्वागत किया गया। बता दें कि इसमें महिला और पुरुष, दोनों वर्ग के विजेता खिलाड़ी शामिल थे। भारतीय दल के खिलाड़ी मुकेश कंचन, सनोज महतो, महिमा उरांव और असुंता टोप्पो का स्वागत स्वदेश वापसी पर पारंपरिक तरीके से किया गया। इस अवसर पर भारतीय टीम के कप्तान मुकेश कंचन ने कहा कि निरंतर प्रयास और प्रोत्साहन से झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर रहा है। इसी के बल पर हम स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रहे हैं।

सरकार से सहयोग की उम्मीद 
इसी के साथ सनोज महतो ने उम्मीद जताई कि सरकार का सहयोग मिलता रहेगा। वे भविष्य में बड़े देशों को भी आगे भी अपने बेहतर प्रदर्शन से मात देंगे। झारखंड पारा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राहुल मेहता ने बताया कि आज भी राज्य में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए सीमित सुविधाएं हैं। खिलाड़ी न्यूनतम सुविधाओं के बीच अभ्यास करते हैं। यह तो खिलाड़ियों, कोच और पारा थ्रो बाल संघ का देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा है, जो उन्हें बुलंदी तक ले जा रहा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जायें। महिमा उरांव और अशुंता टोप्पो ने कहा कि ये उपलब्धि सपना सच होने जैसी है। 

मौके पर इनकी रही भागीदारी 

समाजसेवी अंतू तिर्की, पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष राहुल मेहता, सचिव सरिता सिन्हा, पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल अग्रवाल, सचिव अविनाश तिवारी, समाज सेवी एवम सोदाग पंचायत के मुखिया पतरस तिर्की सहित सैकड़ों लोगों ने स्टेशन पर खिलाड़ियों का स्वागत किया। वहीं, सृजन हेल्प के सचिव गुंजन गुप्ता, मुकेश महतो, गणेश साहू एवं कई सामाजिक संगठनों  ने पदक जीत कर वापस आने पर टीम को बधाई दी है।